बेंगलुरु के स्टार्ट-अप का अपने उपग्रह ‘मिशन दृष्टि’ से संपर्क टूटा

बेंगलुरु के स्टार्ट-अप का अपने उपग्रह 'मिशन दृष्टि' से संपर्क टूटा

बेंगलुरु के स्टार्ट-अप का अपने उपग्रह ‘मिशन दृष्टि’ से संपर्क टूटा
Modified Date: July 7, 2026 / 09:54 pm IST
Published Date: July 7, 2026 9:54 pm IST

नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) अंतरिक्ष क्षेत्र की बेंगलुरु स्थित स्टार्ट-अप कंपनी ‘गैलेक्सीआई’ का अपने उपग्रह ‘मिशन दृष्टि’ से संपर्क टूट गया है और उससे संपर्क बहाल होने की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है।

यह दुनिया का पहला ‘ऑप्टोएसएआर’ उपग्रह है, जिसे मई में प्रक्षेपित किया गया था।

कंपनी के अनुसार, भू-चुंबकीय सौर तूफान के बाद उपग्रह में आई तकनीकी गड़बड़ी के चलते उससे संपर्क टूट गया।

‘गैलेक्सीआई’ ने कहा, ‘‘प्रारंभिक विश्लेषण से संकेत मिलता है कि इस घटना से जुड़े विकिरण प्रभावों ने संभवतः उपग्रह में मौजूद एक महत्वपूर्ण प्रणाली को प्रभावित किया। इसके बाद अंतरिक्ष यान के साथ संपर्क रुक-रुक कर होने लगा और अंततः पूरी तरह टूट गया।’’

उपग्रह में इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल (ईओ) और कृत्रिम एपर्चर रडार (एसएआर) सेंसर को एक ही संचालन प्लेटफॉर्म में एकीकृत किया गया था। जहां ईओ सेंसर सूर्य के प्रकाश और साफ मौसम की स्थिति में उच्च-रिजॉल्यूशन वाली तस्वीरें लेते हैं, वहीं एसएआर सेंसर रडार का इस्तेमाल कर हर मौसम और हर समय तस्वीरें उपलब्ध कराते हैं।

‘मिशन दृष्टि’ ने सफलतापूर्वक संपर्क स्थापित किया था और अपने नियोजित प्रक्षेपण एवं प्रारंभिक कक्षा चरण का एक बड़ा हिस्सा पूरा किया।

इसने अंतरिक्ष यान की प्रमुख प्रणालियों का सफलतापूर्वक परीक्षण किया, महत्वपूर्ण तैनाती और दिशा-नियंत्रण गतिविधियों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया तथा उपग्रह में लगी कंप्यूटिंग और संचार प्रणालियों का संचालन किया।

‘गैलेक्सीआई’ के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुयश सिंह ने कहा, ‘‘हालांकि, उपग्रह को अंतरिक्ष में मौसम संबंधी प्रतिकूल घटना के बाद एक तकनीकी गड़बड़ी का सामना करना पड़ा, लेकिन इस मिशन से प्राप्त इंजीनियरिंग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भविष्य के हमारे अंतरिक्ष मिशन को और सुदृढ़ करने में सीधे तौर पर मदद करेंगी।’’

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में