बिहार: जादू-टोना करने का आरोप लगा बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

Ads

बिहार: जादू-टोना करने का आरोप लगा बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 11:36 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 11:36 PM IST

गया जी, 12 मई (भाषा) बिहार के गया जी जिले में कथित तौर पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर गांव के कुछ लोगों ने 65 वर्षीय एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह घटना जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के उत्तरी लोढ़वे पंचायत में सोमवार को हुई।

महिला की पहचान बच्चू मांझी की पत्नी बुलकी देवी के रूप में हुई है।

फतेहपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया, “एक परिवार के सदस्य महिला के घर के सामने पहुंचे और उन पर अपने एक बीमार परिजन पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए कथित तौर पर उनकी पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई।”

उन्होंने बताया कि महिला के परिजनों की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी में 11 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में प्रकाश कुमार (50) नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार रात महिला अपने घर के बाहर बैठी थीं, तभी गांव के कई लोग वहां पहुंचे और उन पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा कैलाश खारी

खारी