मुंबई, 25 अगस्त (भाषा) दक्षिण मुंबई के मझगांव में गणेश प्रतिमा लाने के दौरान शोभायात्रा पर अंडे फेंकने के आरोप में 22 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी शोभायात्रा के दौरान एक आवासीय सोसाइटी के बाहर पटाखे फोड़े जाने से भड़क गया था, क्योंकि इससे उत्पन्न धुएं से उसकी आंखों में जलन होने लगी थी और वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था।
पुलिस उपायुक्त जयंत मीणा के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश शेर खान के रूप में की गई है, जो ऑनलाइन ऑर्डर के आधार पर घरों में अंडों की आपूर्ति करता है।
उन्होंने बताया कि दानिश रविवार रात मझगांव के कॉन्टिनेंटल हाइट्स अपार्टमेंट में अंडे पहुंचाने गया था, लेकिन पटाखों से निकले धुएं की चपेट में आने के कारण उसकी आंखों में जलन होने लगी और गुस्से में आकर उसने ‘मजगांवचा मोरया गणेशोत्सव मंडल’ की शोभायात्रा पर कथित तौर पर अंडे फेंक दिए।
मीणा के अनुसार, घटना के सिलसिले में सोमवार को बायकुला पुलिस थाने में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि कॉन्टिनेंटल हाइट्स अपार्टमेंट की एक ऊपरी मंजिल से कथित तौर पर अंडे फेंके गए, जिसके बाद इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया और इमारत के बाहर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हालांकि, मीणा ने बताया कि पुलिस ने मामले में दखल दिया और हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी का पता लगाने के लिए पांच विशेष टीम बनाई गईं, जिन्होंने तकनीकी सबूतों की मदद से दानिश की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
मीणा ने बताया कि दानिश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य करना) और 196 (अलग-अलग समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के खिलाफ काम करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा पारुल अमित
अमित