कोलकाता, नौ फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल में अवैध हथियारों की तस्करी के बारे में गुप्त सूचना मिलने के बाद कोलकाता पुलिस ने बिहार के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से छह आग्नेयास्त्र और 11 गोलियां जब्त कीं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने रविवार रात को इस विशेष खुफिया जानकारी के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया कि बिहार और झारखंड से पश्चिम बंगाल में हथियार और गोलाबारूद ले जाया जा रहा है।
अधिकारी ने कहा कि सूचना के आधार पर, पुलिस ने संदिग्ध वाहकों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए कोलकाता के साथ-साथ बिहार में भी अपने नेटवर्क को सक्रिय किया।
अधिकारी ने कहा, ‘कई स्रोतों के माध्यम से इनपुट की पुष्टि के बाद, हमने गया के एक व्यक्ति की पहचान की, जिसपर अवैध हथियार रखने का संदेह था।’
पुलिस के अनुसार, मानवीय खुफिया जानकारी और तकनीकी सहायता की मदद से संदिग्ध पर नजर रखी गयी थी।
जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध रात्रिकालीन बस से गया से कोलकाता पहुंचा।
अधिकारी ने कहा, ‘हमें उसके संभावित मार्ग के बारे में जानकारी थी, लेकिन सटीक समय या वह किस वाहन का उपयोग करेगा, इसकी जानकारी नहीं थी। यह ज्ञात था कि वह ऑटो या पीली टैक्सी से यात्रा करेगा।’
लंबी जांच के बाद, पुलिस ने दोपहर करीब एक बजे गरियाहाट इलाके से पूर्वी बाईपास की ओर आ रहे एक ऑटो-रिक्शा को रोका और संदिग्ध को हिरासत में लिया, जिसकी पहचान बिहार के गया जिले के गुरुआ पुलिस थाना के अंतर्गत बैदा गांव के निवासी मोहम्मद इस्तियाक (38) के रूप में हुई।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश