एल्विश यादव से बिश्नोई गिरोह के ‘करीबी सहयोगी’ ने 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी, धमकी दी
एल्विश यादव से बिश्नोई गिरोह के 'करीबी सहयोगी' ने 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी, धमकी दी
गुरुग्राम, 10 मई (भाषा) बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव को एक विदेशी व्हाट्सऐप नंबर से धमकी देकर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को रणदीप मलिक बताया जिसके लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से ‘नजदीकी संबंध’ हैं। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
यादव के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर उन्होंने दो दिन के भीतर पैसे नहीं दिए तो वे उन्हें गोली मार देंगे।
पुलिस ने यादव द्वारा सेक्टर 56 पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है।
यादव ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें पांच मई को एक विदेशी नंबर से एक व्हाट्सऐप कॉल आयी थी, लेकिन उस समय वे कॉल नहीं उठा पाए। उन्होंने कहा कि बाद में उन्हें उसी नंबर से व्हाट्सऐप पर एक धमकी वाला संदेश मिला।
यादव ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘संदेश भेजने वाले ने अपना नाम रणदीप मलिक बताया और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का करीबी सहयोगी होने का दावा किया। उसने दो दिनों के भीतर 10 करोड़ रुपये देने की मांग की और धमकी दी कि अगर रकम नहीं पहुंचाई गई तो वह मुझे गोली मार देगा।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि यही धमकी भरा संदेश उनके पिता के मोबाइल नंबर पर भी भेजा गया था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामला अपराध शाखा को सौंप दिया गया है और कॉल के स्रोत का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
यादव फिलहाल ‘लाफ्टर सेफ’ नामक शो की शूटिंग के लिए गुरुग्राम से बाहर हैं।
2023 में बिग बॉस ओटीटी के दूसरे सीजन के विजेता रहे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर यादव हाल के वर्षों में कई कारणों से सुर्खियों में रहे हैं।
पिछले साल अगस्त में, सेक्टर 56 स्थित उनके आवास के बाहर अज्ञात बंदूकधारियों ने दो दर्जन से अधिक गोलियां चलाई थीं। दिल्ली पुलिस ने बाद में इस मामले में दो हमलावरों को गिरफ्तार किया था।
इससे पहले, यादव को मार्च 2024 में रेव पार्टियों के लिए सांप का जहर सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उच्चतम न्यायालय ने इस साल मार्च में प्राथमिकी और इससे संबंधित कानूनी कार्यवाही रद्द कर दी थी।
भाषा अमित संतोष
संतोष

Facebook


