बीजद ने राज्यसभा चुनाव के दौरान दूसरा मतपत्र जारी किए जाने पर कार्रवाई की मांग की

Ads

बीजद ने राज्यसभा चुनाव के दौरान दूसरा मतपत्र जारी किए जाने पर कार्रवाई की मांग की

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 07:54 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 07:54 PM IST

भुवनेश्वर, 28 अप्रैल (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) ने मंगलवार 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा के दो विधायकों को दूसरा मतपत्र जारी किए जाने के मामले में तत्काल वैधानिक कार्रवाई की मांग की और इस संबंध में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात का समय मांगा।

बीजद अध्यक्ष और प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके नवीन पटनायक के निर्देश पर पार्टी सांसद सस्मित पात्रा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर कहा कि यद्यपि क्षेत्रीय पार्टी ने राज्यसभा चुनाव 2026 के दौरान भाजपा विधायकों — उपासना महापात्रा और पूर्णचंद्र सेठी — को दूसरा मतपत्र जारी किए जाने पर मौके पर ही आपत्ति जताई थी, लेकिन निर्वाचन आयोग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

पत्र में कहा गया है, “मतदान के दौरान पूर्व में दी गई शिकायतों और पार्टी अध्यक्ष द्वारा मामले को उठाए जाने के बावजूद न तो अब तक कोई जवाब दिया गया है और न ही कोई स्पष्टीकरण या कार्रवाई की रिपोर्ट साझा की गई है।”

पार्टी ने कहा कि यह मामला वैधानिक चुनाव प्रक्रिया के पालन और चुनावी निष्पक्षता बनाए रखने को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मुद्दे को 18 मार्च 2026 को नवीन पटनायक की ओर से बीजद अध्यक्ष के रूप में भेजे गए ईमेल के माध्यम से पहले ही औपचारिक रूप से निर्वाचन आयोग के संज्ञान में लाया जा चुका है।

भाषा रंजन दिलीप

दिलीप