मौसम विभाग ने 29 अप्रैल को दक्षिण बंगाल में बारिश की चेतावनी जारी की

Ads

मौसम विभाग ने 29 अप्रैल को दक्षिण बंगाल में बारिश की चेतावनी जारी की

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 07:59 PM IST

कोलकाता, 28 अप्रैल (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को चेतावनी जारी की कि राज्य विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दिन 29 अप्रैल को दक्षिण बंगाल में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है।

आईएमडी ने एक विशेष बुलेटिन में कहा कि अगले एक हफ्ते तक पश्चिम बंगाल में मेघगर्जन और उससे जुड़ी गतिविधियां होने की बहुत संभावना है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा और इसमें कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिले शामिल होंगे।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि दक्षिण बंगाल के जिन जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, उनमें कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्वी बर्धमान, बांकुरा और पश्चिम मेदिनीपुर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में तीन मई तक गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

इसमें कहा गया है कि उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरदुआर, जलपाईगुड़ी और कूच बिहार में तीन मई तक भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान विभाग ने मछुआरों को दो मई तक पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटों के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में पिछले कई दिनों से दिन और रात का तापमान काफी अधिक बना हुआ है।

भाषा तान्या नरेश

नरेश