महानदी विवाद में ओडिशा के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा बीजद: नवीन पटनायक
महानदी विवाद में ओडिशा के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा बीजद: नवीन पटनायक
भुवनेश्वर, 31 मई (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के प्रमुख नवीन पटनायक ने कहा है कि उनकी पार्टी महानदी जल विवाद में ओडिशा के हितों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
पटनायक ने शनिवार को यहां अपने आवास ‘नवीन निवास’ में पर्यावरणविद् राजेंद्र सिंह के साथ एक बैठक के दौरान यह बात कही।
पटनायक के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा, ‘‘बीजू जनता दल महानदी जल बंटवारे के मामले में ओडिशा के हितों से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं होने देगा और यह संघर्ष जारी रहेगा।’’
महानदी बचाओ आंदोलन के संयोजक सुदर्शन दास के साथ एक प्रतिनिधिमंडल ने पटनायक से मुलाकात कर पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के साथ नदी के जल बंटवारे को लेकर लंबे समय से जारी विवाद पर चर्चा की।
पूर्व मंत्री देवी प्रसाद मिश्र और राज्य सरकार की महानदी समिति के सदस्य एवं विधायक निरंजन पुजारी भी चर्चा में शामिल हुए।
मिश्र ने कहा कि बीजद इस मुद्दे के सामने आने के बाद से महानदी विवाद में राज्य के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि ओडिशा की मांग के बाद केंद्र ने 2018 में महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण का गठन किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ ने नदी के ऊपरी हिस्से में बैराज और जल अवरोधक संरचनाएं बनाई हैं, जिससे पानी का प्राकृतिक प्रवाह प्रभावित हुआ है और ओडिशा में नदी के निचले हिस्से में रहने वाले लोगों के लिए समस्याएं पैदा हुई हैं।
मिश्र ने कहा, ‘‘महानदी एक अंतर-राज्यीय नदी है और कोई एक राज्य बैराज बनाकर उसके प्रवाह को नहीं रोक सकता।’’
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ओडिशा, छत्तीसगढ़ और केंद्र में सत्ता में होने का जिक्र करते हुए पार्टी की आलोचना की। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप कर विवाद का समाधान करने का आग्रह किया।
ओडिशा के अटॉर्नी जनरल पीतांबर आचार्य ने कहा कि मामला फिलहाल न्यायाधिकरण के समक्ष विचाराधीन है, लेकिन बातचीत के जरिये राजनीतिक समाधान निकालना बेहतर होगा। आचार्य ने कहा, ‘‘हम बातचीत के जरिये मामले का समाधान करने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि न्यायाधिकरण की प्रक्रिया लंबी है।’’
इस बीच, ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने घोषणा की कि पार्टी महानदी बचाओ आंदोलन का समर्थन करेगी।
भाषा
सिम्मी अमित
अमित

Facebook


