कॉजपा के प्रस्ताव ठुकराने के बाद प्रधान का इस्तीफा होने का दावा करने वाली खबरें ‘बेबुनियाद’: भाजपा
कॉजपा के प्रस्ताव ठुकराने के बाद प्रधान का इस्तीफा होने का दावा करने वाली खबरें ‘बेबुनियाद’: भाजपा
नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को मीडिया में आई उन खबरों को ‘बेबुनियाद और काल्पनिक’ बताकर खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री के पद से इसलिये इस्तीफा देना पड़ा, क्योंकि कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने मंत्री का मंत्रालय बदलने के सरकार के शुरुआती प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था।
भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि यह खबर मामले को सनसनीखेज बनाने के लिए छापी गई है।
खबरों के मुताबिक, जंतर-मंतर पर नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ प्रदर्शन करने वाली कॉजपा के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के दौरान सरकार ने शुरू में प्रधान का मंत्रालय बदलने का प्रस्ताव दिया था,जिसे दूसरे पक्ष ने ठुकरा दिया था।
खबरों में दावा किया गया कि कॉजपा ने स्पष्ट कर दिया था कि प्रधान को मंत्रिमंडल से हटाना होगा।
पात्रा ने कहा कि एक खबर में दावा किया गया है कि प्रधान का मंत्रालय बदलने के प्रस्ताव पर कॉजपा ने नाराजगी जताई थी और इसी वजह से उन्हें इस्तीफा देना पड़ा।
उन्होंने कहा कि यह खबर ‘‘बेबुनियाद और मनगढ़ंत’’है और इसका उद्देश्य मामले को सनसनीखेज बनाना है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी तरह का भ्रम पैदा करने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।
चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की गई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का प्रश्नपत्र लीक होने के खिलाफ कॉजपा के 36 दिनों के आंदोलन के बाद, प्रधान ने 25 जुलाई को शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


