भाजपा ने कांग्रेस, माकपा पर केरल के विकास को बाधित करने का आरोप लगाया

भाजपा ने कांग्रेस, माकपा पर केरल के विकास को बाधित करने का आरोप लगाया

भाजपा ने कांग्रेस, माकपा पर केरल के विकास को बाधित करने का आरोप लगाया
Modified Date: July 16, 2026 / 01:21 pm IST
Published Date: July 16, 2026 1:21 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

तिरुवनंतपुरम, 16 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर ‘‘विकास-विरोधी’’ और ‘‘जन-विरोधी’’ राजनीति करने का आरोप लगाया।

भाजपा नेता ने दावा किया कि दोनों पार्टियां केरल को केंद्र सरकार की प्रमुख विकास योजनाओं का फायदा नहीं पहुंचने दे रही हैं।

चंद्रशेखर ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की टिप्पणियों का जिक्र किया और दावा किया कि कांग्रेस और माकपा मिलकर केरल के लोगों को केंद्र सरकार की परियोजनाओं का फायदा नहीं मिलने दे रहे हैं।

वैष्णव ने इस साल मार्च में आरोप लगाया था कि वामपंथी पार्टियां और कांग्रेस केरल की तरक्की के लिए रेलवे के विकास कार्यों को होने नहीं दे रहे हैं। चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की जमीन अधिग्रहण में अनिच्छा दिखाने के कारण कासरगोड और तिरुवनंतपुरम के बीच यात्रा का समय घटाकर चार घंटे करने के केंद्र के प्रस्ताव में देरी हो रही है।

राज्य सरकार के रुख पर सवाल उठाते हुए चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि राज्य के विकास से ज्यादा राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने दावा किया कि इसी रवैये के कारण केरल में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई), आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना और अन्य बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं को लागू करने में देरी हुई या रुकावट आई।

मौजूदा राजनीतिक संस्कृति को बदलने की जरूरत पर जोर देते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि केरल को ‘‘कृत्रिम रूप से गढ़े गए विवादों’’ के बजाय ‘‘असली विकास’’ की जरूरत है।

उन्होंने कहा, ‘‘केरल को काम करके दिखाने वाली राजनीति की जरूरत है। ‘विकसित केरल’ हमारा लक्ष्य है।’’

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में