नोएडा में साइबर ठगी से जुड़े चार म्यूल खाताधारकों के खिलाफ मामला दर्ज

नोएडा में साइबर ठगी से जुड़े चार म्यूल खाताधारकों के खिलाफ मामला दर्ज

नोएडा में साइबर ठगी से जुड़े चार म्यूल खाताधारकों के खिलाफ मामला दर्ज
Modified Date: July 16, 2026 / 01:11 pm IST
Published Date: July 16, 2026 1:11 pm IST

नोएडा, 16 जुलाई (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले में साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए चार कथित म्यूल खातों के धारकों के खिलाफ थाना सूरजपुर में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस उपायुक्त (साइबर क्राइम) शैव्या गोयल ने बृहस्पतिवार को बताया कि साइबर सेल की उपनिरीक्षक आयुषी मिश्रा की शिकायत पर चार कथित म्यूल (कमीशन पर लेन देन करने वाले) खातों के धारकों के खिलाफ चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मकोड़ा गांव स्थित यूको बैंक शाखा में मनीष नागर के नाम से संचालित एक खाते में साइबर ठगी की रकम स्थानांतरित होने का पता चला। इस खाते के संबंध में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज है।

गोयल ने बताया कि प्रिंस भाटी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। उसके नाम से प्रिया गोल्ड फैक्टरी के पास स्थित कोटक महिंद्रा बैंक शाखा में खोले गए खाते का कथित तौर पर साइबर अपराधियों ने दुरुपयोग किया। इस खाते के संबंध में भी एनसीआरपी पर शिकायत दर्ज है।

उन्होंने बताया कि अंकित कुमार के खिलाफ एचडीएफसी बैंक में खोले गए खाते के साइबर अपराध में इस्तेमाल होने तथा गौरव कुमार के नाम से मकोड़ा गांव स्थित यूको बैंक शाखा में संचालित खाते का साइबर ठगी में उपयोग किए जाने के आरोप में भी मामले दर्ज किए गए हैं। इन दोनों खातों के संबंध में भी एनसीआरपी पर शिकायतें दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सभी मामलों की जांच की जा रही है।

भाषा सं मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में