नयी दिल्ली, 21 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने असम में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार को दो और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिनमें कृष्णा साहा को दलगांव से और जीवन गोगोई को सिसीबरगांव से मैदान में उतारा गया है। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
भाजपा ने बृहस्पतिवार को असम के लिए 88 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की, जिसमें मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को जलुकबाड़ी से और पार्टी के मौजूदा सांसद हितेंद्र नाथ गोस्वामी को प्रदेश कांग्रेस प्रमुख गौरव गोगोई के खिलाफ जोरहाट से मैदान में उतारा गया है।
जिन मंत्रियों को उनकी सीटों से फिर से उतारा गया है, उनमें गोलाघाट से अजंता नियोग, धेमाजी (एसटी) से रनोज पेगु, डूमडूमा से रूपेश गोवाला, तिंगखोन से बिनल बोरा, जगीरोड (एससी) से पीयूष हजारिका, नलबाड़ी से जयंत मल्ला बरुआ, ढेकियाजुली से अशोक सिंघल, पाथरकांडी से कृष्णेंदु पॉल और लखीपुर से कौशिक राय शामिल हैं।
हाल में भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता प्रद्युत बोरदोलोई और भूपेन बोरा क्रमशः दिसपुर और बिहपुरिया से चुनाव लड़ेंगे।
कांग्रेस में हाल में शामिल हुए अन्य नेताओं में शशिकांत दास को राहा (एससी) से मैदान में उतारा गया है, जबकि कमलाख्या पुरकायस्थ को करीमगंज (उत्तर) से कटिगोराह स्थानांतरित कर दिया गया है। हाल में भाजपा में शामिल हुए पूर्व अगप विधायक भूपेन रॉय अभयपुरी से चुनाव लड़ेंगे।
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा और परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश