केरल में भाजपा केवल कांग्रेस की मदद से जीत सकती है : माकपा नेता गोविंदन

केरल में भाजपा केवल कांग्रेस की मदद से जीत सकती है : माकपा नेता गोविंदन

केरल में भाजपा केवल कांग्रेस की मदद से जीत सकती है : माकपा नेता गोविंदन
Modified Date: March 31, 2026 / 05:06 pm IST
Published Date: March 31, 2026 5:06 pm IST

त्रिशूर(केरल), 31 मार्च (भाषा) केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा)के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने मंगलवार को आरोप लगाया कि नौ अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)केरल में कांग्रेस के समर्थन के बिना सीट नहीं जीत सकती।

गोविंदन का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी पार्टी नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) विधानसभा चुनाव में एलडीएफ (वाम लोकतांत्रिक मोर्चा)और भाजपा के बीच ‘साठगांठ’ का आरोप लगा रहे हैं।

माकपा नेता ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा उम्मीदवार सुरेश गोपी ने कांग्रेस के समर्थन से त्रिशूर में जीत हासिल की थी।

उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को त्रिशूर सीट पर 84 हजार कम मत मिले थे, जबकि भाजपा उम्मीदवार ने लगभग 74 हजार मतों से जीत हासिल की थी।

गोविंदन ने कहा कि इसी दौरान एलडीएफ ने निर्वाचन क्षेत्र में अपने मतों में करीब 16 हजार की वृद्धि की थी।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘केरल में भाजपा केवल कांग्रेस के समर्थन से ही कोई सीट जीत सकती है। संसदीय चुनावों में सुरेश गोपी की जीत से यह स्पष्ट है।’’

गोविंदन ने दावा किया कि राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 2016 में पहली बार नेमोम से जीत हासिल की थी और वह जीत भी उसे कांग्रेस के समर्थन से मिली थी।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में