एमसीडी स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन

Ads

एमसीडी स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 01:00 AM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 01:00 AM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पार्षद सत्या शर्मा और सत्यपाल सिंह ने मंगलवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के क्रमशः अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए।

गौतमपुरी वार्ड से भाजपा पार्षद एवं मौजूदा अध्यक्ष सत्या शर्मा ने अध्यक्ष पद के लिए, जबकि करावल नगर वार्ड के पार्षद सत्यपाल सिंह ने उपाध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।

सिविक सेंटर स्थित नगर सचिव कार्यालय में नामांकन दाखिल करने के दौरान दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही और भाजपा के अन्य पार्षद भी मौजूद रहे।

दिल्ली में एमसीडी की 18 सदस्यीय स्थायी समिति में भाजपा के पास 12-6 का बहुमत होने के कारण सत्या शर्मा का दोबारा अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव 27 जुलाई को होगा।

स्थायी समिति एमसीडी की सर्वोच्च वित्तीय निर्णय लेने वाली संस्था है। यह पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली परियोजनाओं, ठेकों, नीतिगत मामलों और वित्तीय प्रस्तावों को मंजूरी देती है।

नामांकन दाखिल करने के बाद सत्या शर्मा ने उन पर भरोसा जताने के लिए भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक चुनौती भी है। उन्होंने कहा कि वह एमसीडी को अधिक दक्ष, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में कार्य करेंगी।

शर्मा ने कहा कि वर्ष 2022 के एमसीडी चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा किए गए वादों को लागू करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी कई वादे पहले ही पूरे कर चुकी है और कई नई जनकल्याणकारी पहल भी शुरू की गई हैं।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली के कूड़े के पहाड़ों को समाप्त करना नगर निगम की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

वाही ने कहा कि कूड़े के पहाड़ों को कम करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। ओखला लैंडफिल स्थल पर एक पार्क विकसित किए जाने की योजना है, जबकि भलस्वा लैंडफिल पर भी काम तेजी से चल रहा है।

वाही ने बताया कि गाजीपुर लैंडफिल में कचरा निस्तारण के लिए एक नयी कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां नयी मशीनें लगाई जाएंगी। इसके अलावा, एनटीपीसी वहां से 40 लाख टन निष्क्रिय (इनर्ट) कचरा हटाएगी, जिससे इस प्रक्रिया में तेजी आएगी।

भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन

रंजन