कोलकाता, 24 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि परिवहन विभाग ने पश्चिम बर्धमान जिले की रामपुर जांच चौकी पर वसूली और पद के दुरुपयोग के आरोपों में दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह कार्रवाई एक ट्रक मालिक और चालक की शिकायत के बाद की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ‘सर्विस’ कराने के बाद एक गैराज लौट रहे उनके ट्रक को गलत तरीके से रोका गया और चालक को परेशान कर रिश्वत देने के लिए दबाव बनाया गया।
उन्होंने कहा कि शिकायत के अनुसार, चालक के रिश्वत देने से इनकार करने के बाद वाहन जब्त कर लिया गया और राज्य सरकार द्वारा पहले ही समाप्त किए हुए कर के नाम पर 22,000 रुपये की ‘अवैध मांग’ की गई।
अधिकारी ने कहा कि परिवहन विभाग ने रामपुर जांच चौकी पर तैनात मोटर वाहन निरीक्षकों नजीमुल हक और अनुपम बनर्जी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
उन्होंने कहा कि शिकायत को विस्तृत जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को भी भेज दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गलत तरीके से जब्त किए गए वाहनों को छुड़ाने और परिवहन कारोबारियों के उत्पीड़न के मामलों से सख्ती से निपटने के लिए भी कदम उठाए हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार, उत्पीड़न या अवैध रूप से धन लेने में शामिल पाए जाने वाले हर अधिकारी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी