भाजपा प्रमुख नितिन नवीन ने रूसी राजदूत से भेंट की, द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की

भाजपा प्रमुख नितिन नवीन ने रूसी राजदूत से भेंट की, द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की

Modified Date: September 1, 2026 / 09:43 pm IST
Published Date: September 1, 2026 9:43 pm IST

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव से मुलाकात की तथा दोनों के बीच ‘समय की कसौटी पर खरा उतरे भारत और रूस के बीच पुराने रिश्तों’ पर खास तौर पर चर्चा हुई।

भेंट के दौरान, नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मजबूत व्यक्तिगत समझ एवं विश्वास को प्रमुखता से सामने रखते हुए कहा कि उनकी नियमित बातचीत ने द्विपक्षीय संबंधों को लगातार गति दी है।

भाजपा के एक बयान के मुताबिक, किर्गिस्तान के बिश्केक में एससीओ सम्मेलन के दौरान मोदी और पुतिन के बीच सोमवार को हुई बैठक पर भी चर्चा हुई।

नवीन ने उम्मीद जतायी कि भारत-रूस संबंध लगातार मजबूत होंगे तथा दोनों पक्षों के बीच संवाद एवं सहयोग बढ़ेगा जिसमें 12-13 सितंबर को दिल्ली में होने वाला आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन भी शामिल है।

बयान के अनुसार, नवीन और अलीपोव ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाए रखने के लिए लोगों के बीच आपसी संपर्क के महत्व पर जोर दिया। रूसी राजदूत ने रूस में कुशल भारतीय पेशेवरों के लिए बढ़ती संभावनाओं का भी जिक्र किया।

नवीन ने अलीपोव को भाजपा की संगठनात्मक यात्रा, ज़मीनी स्तर के ढांचे और कामकाज के बारे में भी जानकारी दी। इसमें पार्टी के सदस्यों और कार्यकर्ताओं का नेटवर्क, विभिन्न मोर्चे और विभाग और हाल में फिर से गठित की गई राष्ट्रीय टीम शामिल थी।

उन्होंने चुनावों के बाद भी पार्टी के लगातार संगठनात्मक कामकाज का बखान किया।

बयान के अनुसार, अलीपोव ने असम और पश्चिम बंगाल में पार्टी की हालिया चुनावी जीत पर नवीन एवं भाजपा को बधाई दी तथा पार्टी की संगठनात्मक मज़बूती और ज़मीनी स्तर पर उसकी मौजूदगी की तारीफ़ की।

बयान में कहा गया है कि उन्होंने लोगों के साथ सीधा और नियमित संपर्क बनाए रखने की अनूठी पहल के तौर पर मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की भी तारीफ़ की।

दोनों पक्षों ने 2027 में भारत-रूस राजनयिक संबंधों के 80 साल पूरे होने को एक अहम पड़ाव के तौर पर देखा और भरोसा जताया कि यह मौका आपसी सहयोग को और गहरा करने के ज़्यादा अवसर देगा, खासकर सांस्कृतिक, शैक्षणिक और लोगों के बीच आपसी संपर्क के क्षेत्रों में।

बैठक के दौरान भाजपा के विदेश मामलों के प्रभारी विजय चौथाईवाले भी मौजूद थे।

भाषा राजकुमार रंजन

रंजन


लेखक के बारे में