भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग का रुख किया, तृणमूल पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग का रुख किया, तृणमूल पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग का रुख किया, तृणमूल पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया
Modified Date: March 30, 2026 / 01:56 pm IST
Published Date: March 30, 2026 1:56 pm IST

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को निर्वाचन आयोग का रुख कर आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस राज्य विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को भाजपा को वोट देने से रोकने के लिए डरा-धमका रही हैं।

इस संबंध में एक याचिका सौंपते हुए, भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग से राज्य में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू, पीयूष गोयल और सुकांत मजूमदार तथा भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी शामिल थे।

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए रीजीजू ने कहा, ‘‘चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहीं ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने और चुनाव को हाईजैक करने के लिए अराजकता फैला रही हैं।’’

उन्होंने कहा कि बनर्जी, उनके मंत्री और तृणमूल कार्यकर्ता विधानसभा चुनावों में भाजपा के पक्ष में मतदान करने से रोकने के लिए लोगों को डरा-धमका रहे हैं।

रीजीजू ने कहा, ‘‘वहां मुख्यमंत्री खुद मतदाताओं को धमका रही हैं… हमने इस संबंध में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।’’

उन्होंने बताया कि आयोग ने प्रतिनिधिमंडल को ‘‘सकारात्मक जवाब’’ दिया और आश्वासन दिया कि पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव के तहत दो चरणों में, 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है तथा मतगणना 4 मई को होगी।

भाषा सुभाष वैभव

वैभव


लेखक के बारे में