भाजपा प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग पहुंचा, प्रधानमंत्री पर टिप्पणी लिए खरगे पर कार्रवाई की मांग की
भाजपा प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग पहुंचा, प्रधानमंत्री पर टिप्पणी लिए खरगे पर कार्रवाई की मांग की
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को निर्वाचन आयोग पहुंचा और उसने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ‘‘आतंकवादी’’ संबंधी टिप्पणी के लिए उनके (खरगे) खिलाफ ‘कड़ी से कड़ी कार्रवाई’ की मांग की।
इस प्रतिनिधिमंडल में निर्मला सीतारमण समेत तीन केंद्रीय मंत्री शामिल थे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीतारमण ने कहा, ‘‘आज हम आयोग के समक्ष उपस्थित हुए ताकि उसका ध्यान इस ओर आकर्षित किया जा सके कि कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता जैसे प्रतिष्ठित व्यक्ति ने इतने निंदनीय शब्दों का प्रयोग किया है।’’
वित्त मंत्री ने कहा कि चुनावी राज्य तमिलनाडु में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए खरगे ने प्रधानमंत्री को ‘‘आतंकवादी’’ कहा जो ‘‘अत्यंत निंदनीय’’ है।
सीतारमण ने कहा, ‘‘यह भारत की जनता द्वारा दिए गए (प्रधानमंत्री मोदी को) जनादेश का अपमान है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि यह उस पूरी व्यवस्था का अपमान है जहां लोग चुनावों के माध्यम से अपने नेता का चुनाव करते हैं, और एक बार चुने जाने के बाद, वह पूरे देश के नेता होते हैं।’’
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘‘पूरी तरह से हताश’’ है और तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के बीच प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां इसलिए कर रही है क्योंकि वह मोदी से ‘गहरी नफरत’ करती है।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा

Facebook


