पंजाब में व्यक्ति के आत्महत्या के प्रयास को लेकर भाजपा ने मुख्यमंत्री मान से इस्तीफे की मांग की

पंजाब में व्यक्ति के आत्महत्या के प्रयास को लेकर भाजपा ने मुख्यमंत्री मान से इस्तीफे की मांग की

पंजाब में व्यक्ति के आत्महत्या के प्रयास को लेकर भाजपा ने मुख्यमंत्री मान से इस्तीफे की मांग की
Modified Date: September 21, 2026 / 05:30 pm IST
Published Date: September 21, 2026 5:30 pm IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) भाजपा ने संगरूर जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या के प्रयास की घटना के बाद सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफे की मांग की।

पीड़ित का दावा है कि अपने गांव में मादक पदार्थों की तस्करी का एक वीडियो साझा करने के बाद स्थानीय सरपंच ने उसे धमकी दी थी।

पीड़ित की पहचान संगरूर के नमोल गांव के निवासी जगसीर सिंह उर्फ ​​जग्गा के रूप मे हुई है। जगसीर ने दावा किया कि उसने इस संबंध में पुलिस से संपर्क किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने इस घटना को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि उन्होंने राज्य को ‘मादक पदार्थों वाला पंजाब’ बना दिया है।

भाटिया ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘पंजाब में मादक पदार्थ माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तो दूर की बात है, इसके सेवन के खिलाफ शिकायत करने वालों को भी भगवंत मान के इशारे पर पुलिस द्वारा पीटा और प्रताड़ित किया जा रहा है।’

भाजपा नेता ने इस घटना की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग करते हुए कहा, ‘भगवंत मान को पंजाब के मुख्यमंत्री पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।’

जगसीर सिंह का फिलहाल पटियाला के एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

घटना सात सितंबर को संगरूर में एक दलित व्यक्ति गुलजार सिंह द्वारा कथित तौर पर की गई आत्महत्या के बाद सामने आई है। गुलजार सिंह के परिवार का आरोप है कि कांग्रेस के में एक कार्यक्रम के दौरान पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से मादक पदार्थों की आपूर्ति संबंधित सवाल पूछने पर उसे प्रताड़ित किया गया और उसके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था।

इसके बाद इस मामले ने एक बड़े विवाद का रूप ले लिया है और विपक्षी दल वित्त मंत्री के खिलाफ कार्रवाई और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

भाषा प्रचेता जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में