भाजपा ने ‘मिलेनियम सिटी’ को ‘सिंक सिटी’ बनाया: दीपेंद्र हुड्डा

Ads

भाजपा ने ‘मिलेनियम सिटी’ को ‘सिंक सिटी’ बनाया: दीपेंद्र हुड्डा

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 07:30 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 07:30 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुग्राम में जलभराव और बुनियादी ढांचे की स्थिति को लेकर बुधवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ‘मिलेनियम सिटी’ के नाम से पहचाना जाने वाला शहर अब ‘मिलेनियम पिटी’ और ‘सिंक सिटी’ (डूबता शहर) बन चुका है।

उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में संवाददाताओं से कहा कि भाजपा के केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह पिछले 12 साल से गुरुग्राम के सांसद हैं, लेकिन आज शहर में जलभराव की समस्या के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

रोहतक से लोकसभा सदस्य ने आरोप लगाया कि जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ना भाजपा की पुरानी आदत रही है।

हुड्डा ने कहा कि पिछले साल केंद्रीय शहरी कार्य मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने संसद में कहा था कि गुरुग्राम में किसी भी प्रमुख बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्या का सामना नहीं करना पड़ता।

कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि गुरुग्राम में पिछले दो वर्षों में जलभराव से जुड़ी घटनाओं में 12 लोगों की मौत हुई है और शहर में दुनिया का सबसे लंबा ट्रैफिक जाम भी लगा।

हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गुरुग्राम दुनिया की बड़ी फॉर्च्यून 500 कंपनियों का केंद्र बना था, लेकिन भाजपा सरकार में शहर की स्थिति ऐसी हो गई है कि इसे ‘वर्क फ्रॉम होम सिटी’ कहा जाने लगा है।

उन्होंने भाजपा द्वारा शहर का नाम बदले जाने को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘गुड़गांव से गुरुग्राम, गुरुग्राम से गुरुजाम, जल ग्राम और गड्ढा ग्राम हो गया है।’’

हुड्डा ने आरोप लगाया कि शहर में इतनी समस्याओं के बावजूद सरकार को जनता की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है और वह लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है।

भाषा हक हक पवनेश

पवनेश