भाजपा नेता विजय गोयल ने राहुल गांधी से मुलाकात की
भाजपा नेता विजय गोयल ने राहुल गांधी से मुलाकात की
नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की और उनकी मां सोनिया गांधी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष गोयल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह संसद परिसर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से हाथ मिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पोस्ट में कहा कि यह मुलाकात ‘‘सौहार्दपूर्ण’’ थी।
भाजपा नेता ने पोस्ट किया, ‘‘आज संविधान सदन (‘पार्लियामेंट हाउस’) के बाहर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी से मुलाकात हुई। इस अवसर पर मैंने उनकी माताजी एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी जी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।’’
सोनिया गांधी को संक्रमण से ठीक होने के बाद मंगलवार सुबह सर गंगा राम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
भाषा यासिर देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


