रास में भाजपा सदस्य ने की जयपुर से सीकर होते हुए बीकानेर के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग

Ads

रास में भाजपा सदस्य ने की जयपुर से सीकर होते हुए बीकानेर के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 01:13 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 01:13 PM IST

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) राज्यसभा में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के घनश्याम तिवाड़ी ने जयपुर से सीकर होकर बीकानेर तक के लिए एक वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग करते हुए कहा कि इससे वहां के कारोबारियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को बहुत लाभ होगा।

शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए भाजपा के घनश्याम तिवाड़़ी ने कहा कि जयपुर राजस्थान की राजधानी है और प्रख्यात पर्यटन स्थल भी है। उन्होंने कहा कि गुलाबी नगरी धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोविंद देव जी, गोपीनाथ जी और मोती डूंगरी गणेश जी के मंदिरों में दर्शन करने के लिए आते हैं।

तिवाड़ी ने कहा कि जयपुर से सीकर, बीकानेर, भीलमाता, रवासर धाम, शाकम्बरी और खाटू श्याम जी, सालासार जाने वाले कई यात्रियों की संख्या भी कम नहीं है।

उन्होंने कहा ‘‘इसके अलावा सीकर शिक्षा का केंद्र भी बन गया है तथा तीन लाख से अधिक विद्यार्थी वहां विभिन्न संस्थानों में अध्ययन करते हैं।’’

तिवाड़ी ने कहा कि फिलहाल जयपुर से दिल्ली, जयपुर से जोधपुर, जयपुर से देहरादून के लिए वंदे भारत ट्रेन चल रही हैं लेकिन जयपुर से सीकर होते हुए बीकानेर के लिए कोई ट्रेन नहीं है।

उन्होंने मांग की कि जयपुर आने वाले कारोबारियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए गुलाबी नगरी से सीकर हो कर बीकानेर तक के लिए वंदेभारत ट्रेन चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जयपुर में अमृत स्टेशन भी विकसित हो चुका है।

भाषा मनीषा अविनाश

अविनाश