भाजपा विधायकों ने फूड पैकेट योजना को लेकर नारेबाजी की, बहिर्गमन किया

भाजपा विधायकों ने फूड पैकेट योजना को लेकर नारेबाजी की, बहिर्गमन किया

भाजपा विधायकों ने फूड पैकेट योजना को लेकर नारेबाजी की, बहिर्गमन किया
Modified Date: July 21, 2023 / 05:55 pm IST
Published Date: July 21, 2023 5:55 pm IST

जयपुर, 21 जुलाई (भाषा) राजस्थान में मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने राज्य सरकार की ‘अन्नपूर्णा भोजन पैकेट’ योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और सदन से बहिर्गमन कर गये।

शून्यकाल के दौरान प्रतिपक्ष के उपनेता सतीश पूनियां ने स्थगन प्रस्ताव के तहत यह मुद्दा उठाया। उन्होंने सदन में कहा, ”बीते साढ़े चार साल में राजस्थान में भ्रष्टाचार संस्थागत हो गया है और अन्नपूर्णा भोजन पैकेट योजना इसका एक और उदाहरण है।”

उन्होंने आरोप लगाया, अन्नपूर्णा भोजन पैकेट मतदाताओं को लुभाने की योजना है, यह अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए भ्रष्टाचार का स्पष्ट उदाहरण है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 2023-24 के बजट में, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के दायरे में आने वाले लगभग एक करोड़ परिवारों के लिए “मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना” की घोषणा की थी। योजना की लागत लगभग 3000 करोड़ रुपये है।

योजना के प्रत्येक पैकेट में चना दाल, चीनी, नमक एक-एक किलो, खाद्य तेल एक लीटर, मिर्ची पाउडर, धनिया पाउडर 100-100 ग्राम और हल्दी पाउडर 50 ग्राम सामग्री होगी। लाभार्थियों को लगभग 370 रुपए प्रति पैकेट (सभी व्ययों सहित) की लागत से फूड पैकेट आपूर्ति करने पर लगभग 392 करोड़ रुपए मासिक व्यय होगा।

भाजपा की विधायक अनिता भदेल ने भी इस योजना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस योजना को लेकर मंत्रियों में ही विवाद हो गया। उन्होंने कहा, ‘ आप इस तरह की योजनाओं में भ्रष्टाचार क्यों करना चाहते हैं? क्यों जनता की गाढ़ी कमाई को लुटाना चाहते हैं?’

इसके बाद भाजपा विधायक खड़े होकर नारेबाजी करने लगे और बाद में बहिर्गमन कर गए।

भाषा पृथ्वी कुंज रंजन

रंजन


लेखक के बारे में