भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने पौड़ी के ‘भुतहा गांव’ धूर में खेली होली

भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने पौड़ी के 'भुतहा गांव' धूर में खेली होली

भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने पौड़ी के ‘भुतहा गांव’ धूर में  खेली होली
Modified Date: February 28, 2026 / 09:23 pm IST
Published Date: February 28, 2026 9:23 pm IST

पौड़ी, 28 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनिल बलूनी ने शनिवार को अपने गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के ‘भुतहा गांव’ धूर का दौरा किया और अभी भी वहां रह रहे कुछ परिवारों के साथ होली खेली।

इस होली मिलन कार्यक्रम में गांव के कई प्रवासी भी शामिल हुए जो बहुत पहले बाहर जाकर शहरों में बस गए थे। बलूनी के आग्रह पर कुछ परिवार होली मिलन कार्यक्रम के लिए अपने गांव आए हुए हैं।

अपने चुनाव क्षेत्र में ऐसे भुतहा गांवों को फिर से आबाद करने के मिशन पर जुटे बलूनी ने इस मौके पर कहा कि पौड़ी गढ़वाल की धुंध भरी पहाड़ियों में ‘भुतहा गांव’ दशकों से हो रहे पलायन का मूक गवाह है।

उन्होंने कहा कि कभी लोगों की हंसी और जानवरों से गुलजार रहने वाले ये गांव अब वीरान पड़े हैं, उनके सीढ़ीदार खेत जंगली घास-फूस से ढके हुए हैं तथा लोगों के घर बंद और टूटे-फूटे हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि ऐसे गांवों की संख्या उत्तराखंड में सैकड़ों में है और पलायन का इस इलाके पर काफी प्रभाव पड़ा है।

बलूनी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पौड़ी में पहले आठ विधानसभा सीटें थीं, लेकिन अब यह संख्या घटकर छह हो गई है और अगले ‘परिसीमन’ के बाद यह और भी कम हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य के कई जिले ‘एक ही संकट’ का सामना कर रहे हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि बचपन से ही उन्होंने गांवों को वीरान होते देखा है।

उन्होंने कहा, ”आज प्रदेश के कई गांवों को ‘भुतहा गांव’ कहा जाता है क्योंकि लोग शहरों में बेहतर जिंदगी जीना चाहते थे। लेकिन अब, बेहतर सड़कों, बिजली, पानी और दूसरी अन्य सुविधाओं के साथ, अपनी जड़ों की ओर लौटने का समय आ गया है, जहां हमारी विरासत सच में फल-फूल रही है।’

बलूनी ऐसे गांवों में उन्हें फिर से आबाद करने की अपनी कोशिशों के तहत अक्सर वहां जाते रहते हैं। अपनी कोशिशों के तहत भाजपा सांसद ने ‘अपना वोट अपने गांव’ नामक अभियान भी शुरू किया है, जिसमें लोगों से अपने गांवों में मतदाता के तौर पर खुद को पंजीकृत कराने की अपील की गई है।

पौड़ी-गढ़वाल जिले के कोटद्वार में भी बलूनी ने उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष और स्थानीय विधायक रितु खंडूरी भूषण के साथ संयुक्त रूप से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ होली का त्योहार मनाया।

दोनों नेता नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हुए मालवीय उद्यान स्थित पार्क पहुंचे और सबको गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।

भाषा

सं, दीप्ति

रवि कांत


लेखक के बारे में