झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन
झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन
रांची, छह जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे। यह जानकारी पार्टी के एक पदाधिकारी ने दी।
भाजपा पदाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह नवीन का झारखंड का पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि नवीन अपने प्रवास के दौरान पार्टी के कई कार्यक्रमों और संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे।
रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर नवीन का भव्य स्वागत किया गया। हवाई अड्डे पर भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास और चंपई सोरेन सहित वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।
नवीन ने रांची के बिरसा चौक स्थित आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘झारखंड आना मेरे लिए घर आने जैसा है।’’
इसके बाद वह पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां उनका सांसदों, विधायकों और पार्टी कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम है। बाद में वह ‘प्रबुद्धजन संवाद’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
भाजपा की झारखंड इकाई के महासचिव अमर बाउरी ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष सात जून को बोकारो का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद वह रांची में जिला अध्यक्षों, प्रभारियों और अन्य पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
नवीन का यह दौरा झारखंड में राज्यसभा की दो सीट के लिए होने वाले चुनाव से पहले हो रहा है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है, जबकि मतदान 18 जून को होगा।
इनमें से एक सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के चलते रिक्त हुई थी, जबकि दूसरी सीट पर भाजपा के दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


