भाजपा ने मंत्री की पोती की अंगुली पर स्याही का मुद्दा उठाया, तृणमूल कांग्रेस ने आरोप खारिज किया
भाजपा ने मंत्री की पोती की अंगुली पर स्याही का मुद्दा उठाया, तृणमूल कांग्रेस ने आरोप खारिज किया
कोलकाता, 29 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के मंत्री फिरहाद हाकिम की नाबालिग पोती की अंगुली पर स्याही नजर आने के बाद आरोप लगाया कि हाकिम ने अपने पद का दुरुपयोग किया।
भाजपा ने निर्वाचन आयोग से हस्तक्षेप की मांग की।
नियमानुसार मतदान के बाद मतदाताओं की अंगुली पर निर्वाचन कर्मी स्याही लगाते हैं।
भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर यह मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि क्या स्याही गलत तरीके से लगाई गई थी।
उन्होंने इस घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने वाला मामला बताया।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘निर्वाचन आयोग और पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को इस उल्लंघन का संज्ञान लेना चाहिए और दोषियों को जवाबदेह ठहराना चाहिए।’’
कोलकाता के महापौर हाकिम ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि राजनीतिक कारणों से इस मामले को बेवजह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “वह मेरी पोती है और आज सुबह जब वह हमारे साथ मतदान केंद्र गई थी, तो उसके दाहिने हाथ की उंगली पर स्याही मजाक में लगा दी गयी। मैं ऐसे किसी आरोप को कोई महत्व नहीं देना चाहता। यह इन लोगों की संकीर्ण सोच का ही प्रतिबिंब है।”
निर्वाचन आयोग ने अभी तक भाजपा के इस आरोप पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का दूसरा और अंतिम चरण आज संपन्न हुआ। वोटों की गिनती चार मई को होगी।
भाषा
राजकुमार वैभव
वैभव

Facebook


