भाजपा ने आप के सभी अच्छे कार्य रोके, तमिलनाडु को राजग को वोट देने पर पछतावा होगा: केजरीवाल
भाजपा ने आप के सभी अच्छे कार्य रोके, तमिलनाडु को राजग को वोट देने पर पछतावा होगा: केजरीवाल
चेन्नई, 20 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि अगर तमिलनाडु के लोगों ने 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को वोट दिया तो उन्हें ‘‘पछतावा’’ होगा।
केजरीवाल ने कहा कि इस राज्य का भी वही हाल होगा जो दिल्ली का हुआ, जहां भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) के सभी अच्छे कामों को रोक दिया।
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के साथ एक रोडशो को संबोधित करते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि तमिलनाडु भाजपा को नहीं चाहता।
प्रचार वाहन में स्टालिन के बगल में खड़े केजरीवाल ने कहा, “अन्नाद्रमुक ने तमिलनाडु में भाजपा को लाकर सबसे बड़ा अपराध किया है। एक साल पहले, लोगों ने भाजपा को वोट देकर गलती की और अब दिल्ली में हमने जो भी अच्छे काम किए थे, उन्हें भाजपा ने रोक दिया है। दिल्ली में हमने जो स्कूल शुरू किए थे, क्लीनिक, अस्पतालों में मुफ्त दवा और इलाज, मुफ्त बिजली और मुफ्त पानी, ये सब भाजपा ने बंद कर दिए हैं।”
आम आदमी पार्टी के नेता ने चेतावनी देते हुए कहा, ‘चाहे लोग भाजपा को वोट दें, अन्नाद्रमुक (आल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम) को या राजग को, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि अगर राजग चुनाव जीतता है तो स्टालिन ने तमिलनाडु में जो भी अच्छे काम शुरू किए हैं, वे सब रुक जाएंगे और आपको पछतावा होगा।’
उन्होंने कहा, ‘इसलिए, अगर आप इन अच्छे कामों को जारी रखना चाहते हैं, तो मैं आपसे स्टालिन साहब और द्रमुक को वोट देने का अनुरोध करता हूं। उन्होंने (स्टालिन ने) तमिलनाडु में बहुत विकास कार्य किए हैं। यह विकास जारी रहना चाहिए। केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ उनकी आवाज बुलंद है और वह एक मजबूत आवाज हैं।’
केजरीवाल ने कहा, ‘स्टालिन ना केवल तमिलनाडु के लिए बल्कि देश के लिए भी लड़ रहे है। उन्होंने परिसीमन विधेयक को पारित नहीं होने दिया, जिससे हमारा लोकतंत्र पूरी तरह नष्ट हो जाता और उन्होंने मोदी के खिलाफ खड़े होकर तमिलनाडु की जनता के लिए लड़ाई लड़ी।’’
भाषा अमित अविनाश
अविनाश

Facebook


