भाजपा ने पश्चिम एशिया संघर्ष पर टिप्पणियों के लिये कांग्रेस, राहुल गांधी को निशाना बनाया

भाजपा ने पश्चिम एशिया संघर्ष पर टिप्पणियों के लिये कांग्रेस, राहुल गांधी को निशाना बनाया

भाजपा ने पश्चिम एशिया संघर्ष पर टिप्पणियों के लिये कांग्रेस, राहुल गांधी को निशाना बनाया
Modified Date: April 4, 2026 / 08:14 pm IST
Published Date: April 4, 2026 8:14 pm IST

नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) भाजपा ने शनिवार को कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर पाकिस्तान की “प्रशंसा” करने और पश्चिम एशिया संघर्ष पर भारत के रुख की आलोचना करने के लिए झूठ का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि “आईएनसी का मतलब अब इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस है”।

इसमें कहा गया है कि कांग्रेस के कुछ नेता भी गांधी को आईना दिखा रहे हैं, जिन्होंने “केवल भाजपा का विरोध करने के कारण भारत की स्थिति को कमजोर किया है”।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गयी सिलसिलेवार पोस्ट में आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गलत दावा किया है कि शिवालिक और नंदा देवी जैसे भारतीय जहाज देश में नहीं पहुंच रहे हैं और ईरान के साथ भारत के संबंध टूट गए हैं।

पूनावला ने कहा, “तथ्य: भारत का सातवां टैंकर ग्रीन सानवी होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर गया, जो ‘इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस’ के लिए एक और बड़ी शर्मिंदगी का कारण बना।” उन्होंने कहा कि भारत ने न केवल प्रभावित क्षेत्र में अपने लोगों को सुरक्षित किया है बल्कि अपने ऊर्जा हितों की भी रक्षा की है।

पूनावाला ने ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में राहुल गांधी पर “लगातार झूठ फैलाने और विदेश नीति का राजनीतिकरण करने” का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “विदेश नीति का राजनीतिकरण करना राहुल गांधी की मानक कार्यप्रणाली बन गई है और वह भी झूठ पर आधारित है।”

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “विपक्ष के नेता के रूप में राहुल गांधी का व्यवहार ‘पाकिस्तान के नेता’ जैसा प्रतीत होता है। जिस पाकिस्तान की वे प्रशंसा करते हैं, वह अपनी अर्थव्यवस्था को स्थिर करने की स्थिति में भी नहीं है। वह कर्ज चुकाने के लिए संघर्ष कर रहा है और ईंधन छोटी बोतलों में वितरित किया जा रहा है। ईरान और अन्य देशों ने इस्लामाबाद को मध्यस्थ के रूप में अस्वीकार कर दिया है।”

पूनावाला ने गांधी पर “राष्ट्रीय हित से ऊपर राजनीति को प्राथमिकता देने” का आरोप लगाया और दावा किया कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने भी इस मुद्दे पर उनके बयानों से सार्वजनिक रूप से असहमति जताई है।

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने भाजपा का विरोध करने मात्र से ही बार-बार भारत की स्थिति को कमजोर किया है। जब भी राष्ट्रीय हित की बात होती है, कांग्रेस विदेश नीति सहित हर मुद्दे पर संकीर्ण राजनीति का सहारा लेती है। एक बार फिर, कांग्रेस नेता खुद राहुल गांधी को आईना दिखा रहे हैं। क्या वह इसे स्वीकार करेंगे?’’

उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी कुमार द्वारा सरकार के इस स्थिति से निपटने के तरीके का समर्थन करने वाली टिप्पणियों का हवाला दिया और दावा किया कि इससे कांग्रेस पार्टी के “दोहरे मापदंड” उजागर होते हैं।

उन्होंने कहा, “ (शशि)थरूर, (मनीष) तिवारी, कमल नाथ, आनंद शर्मा के बाद अब अश्विनी कुमार राहुल बाबा को आईना दिखा रहे हैं।”

पूनावाला ने कहा कि कुमार ने कांग्रेस पार्टी को आईना दिखाते हुए ईरान-इजराइल युद्ध के मुद्दे पर मोदी सरकार के रुख की खुलेआम प्रशंसा की है।

भाजपा नेता ने कहा, “उन्होंने (कुमार ने) स्पष्ट रूप से कहा कि इन कठिन परिस्थितियों में भारत के प्रधानमंत्री का योगदान सराहनीय है।”

भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि बढ़ते तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में बड़े पैमाने पर व्यवधान की खबरों के बावजूद, भारत ने बिना किसी रुकावट के अपनी महत्वपूर्ण ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने में कामयाबी हासिल की है।

भंडारी ने कहा, “पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में कथित तौर पर 2,000 से अधिक जहाजों के फंसे होने के बावजूद, भारत बिना किसी रुकावट के अपनी महत्वपूर्ण ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने में लगा हुआ है।”

भंडारी ने कहा, “यह कोई संयोग नहीं है,” और इसका श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में “मजबूत योजना, रणनीतिक साझेदारी और निर्णायक कूटनीति” को दिया।

उन्होंने लिखा, “ऐसे समय में जब वैश्विक आपूर्ति शृंखलाएं अनिश्चितता का सामना कर रही हैं, भारत मजबूती से खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी देश के हित को भलीभांति समझते हैं और सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी भारत के हितों की रक्षा सुनिश्चित करते हैं।”

सरकार ने शनिवार को एक बयान में कहा कि ‘ग्रीन सानवी’ ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रूप से पार कर लिया है।

सरकार ने पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रमों पर जानकारी देते हुए एक बयान में कहा, “एलपीजी पोत ग्रीन सानवी ने 25 नाविकों और 46,650 टन एलपीजी के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रूप से पार कर लिया है।”

बयान के मुताबिक इसके अलावा ईरान से एलपीजी की एक खेप मंगलुरु पहुंच गई है।

भाषा

प्रशांत धीरज

धीरज


लेखक के बारे में