भाजपा चर्च के नेतृत्व को ‘धमकाने’ की कोशिश कर रही, लेकिन केरल में यह काम नहीं करेगा : चेन्निथला
भाजपा चर्च के नेतृत्व को ‘धमकाने’ की कोशिश कर रही, लेकिन केरल में यह काम नहीं करेगा : चेन्निथला
तिरुवनंतपुरम, 11 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिशप और चर्च के शीर्ष पदाधिकारियों को डरा-धमकाकर उनसे समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रही है,लेकिन केरल में उसकी यह रणनीति सफल नहीं होगी।
चेन्निथला ने यह टिप्पणी भाजपा नेता पीसी जॉर्ज और उनके बेटे शॉन जॉर्ज द्वारा नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों के दौरान कथित तौर पर कुछ बिशप के रुख के खिलाफ की गई आलोचनात्मक टिप्पणियों का जिक्र करते हुए की।
कांग्रेस नेता ने कहा कि चर्च नेतृत्व को अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है, और केरल में उन्हें डरा-धमकाकर अपना रुख बदलने के प्रयास स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘केरल में धमकी की राजनीति काम नहीं करेगी। राज्य में किसी भी पार्टी ने यह रुख नहीं अपनाया है।’’
चेन्निथला ने दावा किया कि पी सी जॉर्ज द्वारा एक दिन पहले दिए गए बयान चर्च नेतृत्व को डराने के उद्देश्य से थे।
उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र में ऐसे बयान स्वीकार्य नहीं हैं। चर्च समर्थित मलयालम अखबार का अपमान करना और बिशप पर हमला करना सही नहीं है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उत्तर भारत में ईसाई समुदाय के खिलाफ भाजपा द्वारा किए गए अत्याचारों से हर कोई वाकिफ है।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा क्रिसमस के दौरान चर्च और ईसाइयों के घरों में केक लेकर जाती है, लेकिन बाकी समय में वह और संघ परिवार (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और उसके अनुषंगी संगठन)ईसाइयों और उनके संस्थानों पर हमला करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, अगर भाजपा यह सोचती है कि वह धमकी के जरिए चर्च और ईसाई समुदाय को नियंत्रित कर सकती है, तो वह गलतफहमी में है। केरल में इस तरह का रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यहां के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’
पीसी जॉर्ज ने शुक्रवार को कुछ कैथोलिक बिशप की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने चुनावों में विपक्षी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का समर्थन किया है।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश

Facebook


