भाजपा ‘अराजकता, भ्रष्टाचार और मादक पदार्थ की समस्या’ के मुद्दों पर पंजाब चुनाव लड़ेगी: नितिन नवीन
भाजपा 'अराजकता, भ्रष्टाचार और मादक पदार्थ की समस्या' के मुद्दों पर पंजाब चुनाव लड़ेगी: नितिन नवीन
नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को पंजाब में ‘‘अराजकता और भ्रष्टाचार’’ का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को सत्ता से हटाने के लिए सीमावर्ती राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव इन्हीं मुद्दों पर लड़ेगी।
जनवरी में पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद, यहां भाजपा मुख्यालय में अपने पहले संवाददाता सम्मेलन में नवीन ने पंजाब में मादक पदार्थ की समस्या का मुद्दा भी उठाया और अगले साल की शुरुआत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से पहले इसके खिलाफ जन-आंदोलन शुरू करने का संकल्प लिया।
वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) पर देश भर में एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की घोषणा के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
इस अभियान का मकसद युवाओं से संपर्क साधने और जन-भागीदारी पर केंद्रित कार्यक्रमों के जरिए मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने का जश्न मनाना है।
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की रणनीति के बारे में पूछे जाने पर नवीन ने कहा कि राज्य में फैली ‘‘अराजकता और भ्रष्टाचार की स्थिति’’ को देखते हुए, भाजपा इस हालात का डटकर मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
हालांकि, उन्होंने चुनावी राज्य पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच गठबंधन की किसी भी संभावना पर कोई टिप्पणी नहीं की।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि मादक पदार्थों की समस्या के खिलाफ बड़े पैमाने पर जन-आंदोलन की सख्त जरूरत है और भाजपा आने वाले दिनों में ऐसे आंदोलन की अगुवाई करेगी।’’
भाजपा प्रमुख ने कहा कि इसके अलावा, पंजाब में अराजकता और भ्रष्टाचार तथा आप में हाल ही में शामिल किए गए लोगों की संदिग्ध पृष्ठभूमि, प्रदेश और देश दोनों के लिए खतरा पैदा करती है। उन्होंने कहा, ‘‘हम इन मुद्दों को चुनाव के दौरान उठाएंगे।’’
नवीन का इशारा पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी में गुरप्रीत सिंह सेखों के हाल में शामिल होने की ओर था। फिरोजपुर के मुदकी का रहने वाला सेखों, 2016 के चर्चित नाभा जेलब्रेक मामले के मुख्य आरोपियों में से एक था।
आगामी चुनावों को देखते हुए अलग-अलग राज्यों के दौरे के बारे में पूछे जाने पर नवीन ने कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और नेता चौबीसों घंटे काम करते हैं। हम ‘फुल-टाइम’ नेता हैं… मैं इस महीने पश्चिम बंगाल का दौरा करने जा रहा हूं।’’
इस बीच कोलकाता में, भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख समिक भट्टाचार्य ने नवीन के इस प्रस्तावित दौरे की पुष्टि की।
पार्टी नेताओं ने बताया कि नवीन के 15 सितंबर को दो दिन के दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचने की संभावना है।
भाजपा की नयी केंद्रीय समिति के ऐलान के बाद नवीन का यह बंगाल का पहला दौरा होगा। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पार्टी राज्य में कई चुनावी और संगठनात्मक चुनौतियों से निपटने की तैयारी में जुटी है।
बंगाल दौरे पर नवीन के कई संगठनात्मक बैठकें करने की संभावना है।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि उनके दौरे पर, विधानसभा उपचुनाव और नगर निकाय चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों पर खास तौर पर चर्चा होने की संभावना है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष भी बंगाल दौरे पर नवीन के साथ होंगे।
भाषा
सुभाष पवनेश
पवनेश

Facebook


