भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के आवास तक मार्च निकाला, कहा-विपक्ष महिलाओं को अधिकार नहीं देना चाहता

भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के आवास तक मार्च निकाला, कहा-विपक्ष महिलाओं को अधिकार नहीं देना चाहता

भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के आवास तक मार्च निकाला, कहा-विपक्ष महिलाओं को अधिकार नहीं देना चाहता
Modified Date: April 18, 2026 / 06:38 pm IST
Published Date: April 18, 2026 6:38 pm IST

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) महिला आरक्षण कानून में संशोधन से जुड़े विधेयक के पारित नहीं होने पर भाजपा की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सुनहरी बाग स्थित आवास के पास विरोध मार्च निकाला।

प्रदर्शनकारियों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला सांसद हेमा मालिनी, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, मंजू शर्मा और वात्सल्य गुप्ता शामिल थीं।

उन्होंने शुक्रवार को लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक के पारित नहीं होने के लिए विपक्षी दलों की कड़ी आलोचना की और उन पर देश की महिलाओं को ‘अपमानित’ करने का आरोप लगाया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे, सांसद मनोज तिवारी और पार्टी की महिला कार्यकर्ता भी इस प्रदर्शन में शामिल हुईं।

अधिकारियों ने बताया कि गांधी के आवास की ओर बढ़ रही महिला प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।

मोती लाल नेहरू मार्ग पर एकत्र प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए हेमा मालिनी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विधेयक पारित कराने के लिए बहुत मेहनत की, लेकिन विपक्षी दलों ने इसे पारित नहीं होने दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे लिए बहुत दुखद दिन है। ऐसा लगता है कि विपक्ष को महिलाओं की शक्ति पर भरोसा नहीं है और वे उन्हें उनके अधिकार नहीं देना चाहते।’’

विधायिकाओं में 2029 से आरक्षण लागू करने और लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए लाया गया संविधान संशोधन विधेयक सदन में पारित नहीं हो पाया। विधेयक के समर्थन में 298 सांसदों ने मतदान किया, जबकि 230 सांसदों ने इसके विरोध में मतदान किया। विधेयक को पारित होने के लिए 528 सदस्यीय सदन में दो-तिहाई यानी 352 सदस्यों के समर्थन की जरूरत थी।

भाषा संतोष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में