भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीआरएस विधायक की कार में तोड़फोड़ की

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीआरएस विधायक की कार में तोड़फोड़ की

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीआरएस विधायक की कार में तोड़फोड़ की
Modified Date: May 7, 2026 / 06:09 pm IST
Published Date: May 7, 2026 6:09 pm IST

हैदराबाद, सात मई (भाषा) केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार के खिलाफ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) विधायक पी. कौशिक रेड्डी की ‘‘अनुचित’’ टिप्पणियों के विरोध में कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं द्वारा उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई, जिससे बृहस्पतिवार को करीमनगर शहर में मामूली तनाव व्याप्त हो गया।

पुलिस के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री एवं विधायक गंगुला कमलाकर के शिविर कार्यालय में रखे फूलों के गमलों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और खिड़कियां भी तोड़ दीं। इसी कार्यालय में कौशिक रेड्डी ने एक प्रेस वार्ता की थी।

यह घटना हुजूरबाद निर्वाचन क्षेत्र के विधायक कौशिक रेड्डी द्वारा केंद्रीय मंत्री के खिलाफ कथित तौर पर अनुचित टिप्पणी करने के बाद घटी।

टिप्पणियों से नाराज होकर शिविर कार्यालय के बाहर जमा हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया।

भाजपा समर्थकों को वाहन पर हमला करते हुए एक वीडियो में देखा जा सकता है और पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।

पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को उस इमारत में प्रवेश करने से भी रोक दिया जहां कौशिक रेड्डी मौजूद थे।

पुलिस ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राजनीतिक रूप से संवेदनशील स्थानों पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था और स्थिति अब नियंत्रण में है।

बंडी संजय कुमार, करीमनगर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

भाषा यासिर माधव

माधव


लेखक के बारे में