भाजपा की मणिपुर इकाई ने उग्रवादियों द्वारा अपहृत छह लोगों की रिहाई की मांग की
भाजपा की मणिपुर इकाई ने उग्रवादियों द्वारा अपहृत छह लोगों की रिहाई की मांग की
इंफाल, 14 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मणिपुर इकाई की अध्यक्ष शारदा देवी ने जिरीबाम जिले में उग्रवादियों द्वारा कथित रूप से अगवा की गई तीन महिलाओं और तीन बच्चों की बृहस्पतिवार को तत्काल रिहाई की मांग की।
शारदा देवी ने जिरिबाम के बोरोबेक्रा और जकुराधोर से एक परिवार के छह सदस्यों के कथित अपहरण को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और मानवीय आधार पर उनकी रिहाई की मांग की।
शारदा देवी ने इंफाल में भाजपा कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘हम, एक ही परिवार के अपहृत छह सदस्यों की मानवीय आधार पर बिना किसी नुकसान के तत्काल रिहाई की मांग करते हैं। हम भाजपा की ओर से उनसे (सशस्त्र उग्रवादियों से) रिहाई की अपील करते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘हम आम लोगों पर हथियारबंद उग्रवादियों द्वारा की गई हिंसा की कड़ी निंदा करते हैं। हाल ही में एक बार फिर हुई हिंसा से हम आहत हैं। एक परिवार के छह सदस्यों का अपहरण दुर्भाग्यपूर्ण है। हमने असम में राज्यपाल (लक्ष्मण प्रसाद आचार्य) से मुलाकात की, जिन्होंने हमारे सामने अधिकारियों को हिंसा के लिए जिम्मेदार उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।’
मणिपुर की इंफाल घाटी में बुधवार को 13 नागरिक अधिकार संगठनों द्वारा जिरिबाम जिले में उग्रवादियों द्वारा तीन महिलाओं और तीन बच्चों के कथित अपहरण के विरोध में आहूत पूर्ण बंद के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।
भाषा योगेश मनीषा
मनीषा

Facebook


