मदुरै, 16 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने अभिनेता-राजनेता विजय की आलोचना करते हुए सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम के पास कोई स्पष्ट नीति नहीं है।
नागेंद्रन ने सवाल उठाया कि क्या विजय की पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जनता से संपर्क करने की कोई ठोस नीति रखती है। उन्होंने विजय को पार्टी की नीतियों की घोषणा करने की चुनौती दी।
भाजपा नेता ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘क्या उनके पास कोई नीति है? उन्होंने ‘नीति’ (शब्द) केवल कागज पर लिखा है। उन्हें अपनी पार्टी की नीतियां स्पष्ट रूप से बताना चाहिए।’’
इससे पहले, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्य मंत्री डी सी श्रीनिवासन ने विजय को चुनौती दी कि वे अन्नाद्रमुक के नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्रियों एम जी रामचंद्रन व जे. जयललिता के नाम लिये बिना विधानसभा चुनाव लड़कर दिखाएं।
श्रीनिवासन ने कहा, ‘‘यदि वह अपनी ताकत और पहचान पर भरोसा रखते हैं, तो उन्हें हमारे नेताओं की विरासत का जिक्र करना और उनकी तस्वीरें दिखाना बंद करना चाहिए, और फिर चुनावी मैदान में मुकाबला करना चाहिए।’’
भाषा खारी मनीषा
मनीषा