बलिया में पुल तोड़कर अनियंत्रित ट्रक नदी में गिरा, खलासी की मौत

Ads

बलिया में पुल तोड़कर अनियंत्रित ट्रक नदी में गिरा, खलासी की मौत

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 01:21 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 01:21 PM IST

बलिया (उप्र) 17 अप्रैल (भाषा) बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र में एक ट्रक के अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़कर टोंस (तमसा) नदी में गिर जाने से ट्रक के खलासी की मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार बलिया-वाराणसी राजमार्ग पर बृहस्पतिवार/शुक्रवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे कोयला लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर फेफना और चितबड़गांव के मध्य स्थित टोंस नदी के पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए नदी में पलट गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विश्वदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से ट्रक में मृत खलासी के शव को निकाला। खलासी की पहचान बिहार के बक्सर जिले के निवासी पंकज यादव (25) के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल चालक की पहचान बक्सर जिले के निवासी लाउ खरवार (30) के रूप में हुई है जिन्हें वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भाषा सं आनन्द संतोष

संतोष