एआई समिट में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के खिलाफ पंचकूला में सड़कों पर उतरे भाजयुमो कार्यकर्ता
एआई समिट में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के खिलाफ पंचकूला में सड़कों पर उतरे भाजयुमो कार्यकर्ता
पंचकूला, 21 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की युवा शाखा की ओर से दिल्ली में ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के दौरान ‘‘कमीज उतारकर किए गए विरोध-प्रदर्शन’’ के खिलाफ शनिवार को पंचकूला में प्रदर्शन किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी सेक्टर-5 में एकत्रित हुए और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने लोकसभा में विपक्ष के नेता का पुतला भी फूंका और उन पर तथा उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर इस भव्य आयोजन में भारत का अपमान करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
भाजयुमो ने राहुल से मांग की कि वह देश को कथित तौर पर बदनाम करने के लिए माफी मांगें।
भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को ‘भारत मंडपम’ में ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के दौरान एक प्रदर्शनी हॉल में ‘‘कमीज उतारकर विरोध-प्रदर्शन’’ किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरों वाली टी-शर्ट पकड़ी हुई थी, जिन पर सरकार और अमेरिका के साथ उसके व्यापार समझौते के खिलाफ नारे लिखे हुए थे।
इस घटना के बाद आईवाईसी के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें शनिवार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
ज्ञान चंद गुप्ता ने पंचकूला में संवाददाताओं से बातचीत में आईवाईसी सदस्यों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर राहुल पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी के कुछ ‘गुंडों’ ने जिस तरह से प्रदर्शन किया और भारत का अपमान किया… इससे बड़ा अपराध और कोई नहीं हो सकता।’’
गुप्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता हमेशा देश के अंदर या विदेश में भारत को बदनाम करने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा, “देश के युवा इस तरह की हरकतों से नाराज हैं। भारतीय इन्हें स्वीकार नहीं करेंगे। हम मांग करते हैं कि राहुल गांधी इस्तीफा दें और भारत का अपमान करने के अपने कार्यकर्ताओं के प्रयास के लिए माफी मांगें।”
भाषा यासिर पारुल
पारुल

Facebook


