रायवरम (आंध्र प्रदेश), 27 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में बृहस्पतिवार को एक निजी बस की एक ट्रक से टक्कर होने के बाद उसमें लगी आग में जान गंवाने वालों के शवों को डीएनए जांच के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। शवों के नमूने बृहस्पतिवार देर रात फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मार्कापुरम जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक वी. हर्षवर्धन राजू ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘हमें आज दोपहर तक (डीएनए) रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट मिलने के बाद शवों की पहचान कर उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।’
राजू ने कहा कि पहचान की प्रक्रिया बेहद जरूरी है क्योंकि कई शव गंभीर रूप से जल गए हैं, जिससे उनकी पहचान कर पाना बहुत मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ समन्वय कर रही है ताकि प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और पार्थिव अवशेष जल्द से जल्द संबंधित परिवारों को सौंपे जा सकें।
यह दुर्घटना सुबह साढ़े पांच बजे से छह बजे के बीच पोडिली जाने वाली सड़क पर रायवरम गांव के पास हुई। तेलंगाना के जगतियाल से नेल्लोर जिले के कलिगिरि जा रही एक बस ट्रक के ईंधन टैंक से टकरा गई और इसमें भीषण आग लग गई थी।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना