बेंगलुरु में फिरौती के लिए बालक का अपहरण और हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार

बेंगलुरु में फिरौती के लिए बालक का अपहरण और हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार

बेंगलुरु में फिरौती के लिए बालक का अपहरण और हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार
Modified Date: September 19, 2026 / 02:19 pm IST
Published Date: September 19, 2026 2:19 pm IST

बेंगलुरु, 19 सितंबर (भाषा) बेंगलुरु में एक व्यक्ति ने फिरौती के लिए कथित रूप से अपने पड़ोस में रहने वाले 13 वर्षीय लड़के का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी 28 वर्षीय भास्कर रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि उसके कथित सहयोगी की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से आंध्र प्रदेश का निवासी और बेंगलुरु में पला-बढ़ा रेड्डी कुछ महीने पहले ही लंदन से मास्टर डिग्री पूरी कर लौटा था और हाल में उसने व्हाइटफील्ड की एक निजी कंपनी में वित्त विभाग में काम करना शुरू किया था।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रेड्डी ने कथित तौर पर 16 सितंबर को येलहंका के विनायकनगर से लड़के का अपहरण किया और उसे बगलूर के पास एक निर्माण स्थल पर ले गया जहां उसने और उसके सहयोगी ने कथित रूप से उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि रेड्डी ने कथित तौर पर लड़के के माता-पिता से फिरौती मांगने और उस पैसे से अपना कर्ज चुकाने के लिए अपहरण की साजिश रची थी।

पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर की रात रेड्डी और उसके सहयोगी ने कथित तौर पर पटाखे खरीदने के बहाने लड़के को अपनी कार में बैठाया। उन्होंने उसे कार चलाने का मौका देने की बात भी कही, जिसके बाद वह उनके साथ चला गया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी लड़के को बगलूर के पास एक सुनसान जगह पर ले गए, उसके हाथ-पैर बांध दिए और एक वीडियो बनाया जिसमें उसे अपने पिता से फिरौती देने की अपील करने के लिए मजबूर किया।

आरोपियों ने लड़के के सिर और शरीर पर पट्टियां लपेट दीं ताकि ऐसा लगे कि उसे बुरी तरह पीटा गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीडियो में लड़के से उसके पिता को फिरौती देने के लिए कहा गया, साथ ही यह भी कहा गया कि अगर फिरौती नहीं दी गई तो अपहरणकर्ता उसे मार डालेंगे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की अगले दिन लड़के के परिवार को वीडियो भेजने की योजना थी। बच्चे ने उनकी बात मानने और घर लौटने की गुहार लगाई लेकिन इसके बावजूद कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी गई।

अधिकारी ने बताया कि रेड्डी और उसके साथी ने कथित तौर पर पेड़ की एक टहनी से उसके सिर पर वार किया और बाद में खोखली ईंट से उसके सिर के पिछले हिस्से पर हमला किया।

शुरुआती जांच का हवाला देते हुए अधिकारी ने कहा कि यह हत्या पहले से सोची-समझी साजिश का नतीजा थी। आरोपियों को डर था कि अगर लड़के को जाने दिया गया तो उनकी पहचान उजागर हो जाएगी।

हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर लड़के के शव को कार की डिक्की में रखा और वहां से चले गए। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से लौटते समय रेड्डी शराब के नशे में था।

पुलिस के अनुसार हुंसमारनहल्ली के पास कार कई गाड़ियों से टकरा गई। राहगीरों ने गाड़ी को रोका और रेड्डी से पूछताछ की। कार की तलाशी लेने पर उन्हें लड़के का शव मिला।

रेड्डी ने कथित तौर पर उन्हें बताया कि लड़का दुर्घटना का शिकार हो गया है और वह उसे अस्पताल ले जा रहा है। हालांकि, राहगीरों ने पुलिस को सूचना दे दी।

पुलिस ने बताया कि अपहरण और हत्या के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत चिक्काजाला थाने में मामला दर्ज किया गया है और अन्य आरोपी का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं।

भाषा सुरभि रंजन

रंजन


लेखक के बारे में