राजस्थान: सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
राजस्थान: सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
जयपुर, 19 सितंबर (भाषा) राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार को भीलवाड़ा-कोटा राजमार्ग पर बिगोद थाना क्षेत्र के नयागांव के पास हुआ।
थानाधिकारी जय सुल्तान सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान रूपाहेली गांव निवासी भगवान बगड़िया (67), उनकी पत्नी देऊ बगड़िया (53) और बेटे रतन बगड़िया (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों मांडलगढ़ की ओर जा रहे थे कि तभी उनकी मोटरसाइकिल दिल्ली पंजीकृत हुंदै वरना कार से टकरा गई।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग कार के आगे वाले शीशे ‘विंडस्क्रीन’ पर जा गिरे।
पुलिस के मुताबिक, तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार जब्त कर ली और चालक की तलाश शुरू कर दी।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


