ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: दिल्ली यातायात पुलिस ने निर्बाध आवाजाही के लिए विस्तृत योजना बनाई

Ads

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: दिल्ली यातायात पुलिस ने निर्बाध आवाजाही के लिए विस्तृत योजना बनाई

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 09:22 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 09:22 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए यातायात पुलिस ने विस्तृत यातायात प्रबंधन योजना तैयार की है। इसका मकसद सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों के साथ-साथ आम यात्रियों की आवाजाही भी सुचारू बनाए रखना है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) डी के गुप्ता ने कहा कि तैयारियों के तहत, यातायात पुलिस ने गूगल मैप्स, ओला, उबर और भारत टैक्सी सहित ‘नेविगेशन’ और कैब प्रदाता मंचों के साथ बैठकें की हैं ताकि उनकी प्रणालियों में यातायात संबंधी परामर्श और मार्ग परिवर्तन योजनाओं को शामिल करने के तरीके खोजे जा सकें।

उन्होंने कहा, ‘शिखर सम्मेलन में कई राज्यों के साथ-साथ अन्य देशों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। राष्ट्रीय महत्व के इस आयोजन के दौरान गणमान्य व्यक्तियों और अन्य प्रतिभागियों की शहर के प्रमुख मार्गों से आवाजाही होगी।

यातायात पुलिस ने विस्तृत योजना के तहत 22 मार्ग परिवर्तन स्थलों की पहचान की है। वैकल्पिक मार्गों के साथ-साथ मार्ग परिवर्तन का विवरण यात्रियों को सोशल मीडिया सहित कई मंचों के माध्यम से बताया जाएगा, ताकि वे अपनी यात्रा की योजना बना सकें और न्यूनतम असुविधा के साथ अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

गुप्ता ने कहा, ‘यातायात परामर्श सभी उपलब्ध माध्यमों से प्रसारित किया जाएगा। यात्रियों को मार्ग परिवर्तन स्थलों और वैकल्पिक मार्गों के बारे में पहले से ही सूचित किया जाएगा।’

उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन के लिए तैनात यातायात कर्मियों को उचित प्रशिक्षण दिया जाएगा।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश