हैदराबाद, नौ अप्रैल (भाषा) भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक पल्ला राजेश्वर रेड्डी ने बृहस्पतिवार को बताया कि साइबर अपराधियों ने उनके साथ धोखाधड़ी की।
रेड्डी ने कहा कि धोखाधड़ी करने वालों ने खुद को अधिकारी बताकर उनके निर्वाचन क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को केंद्र सरकार की एक योजना के तहत आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव रखा था।
जनगांव विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने वाले रेड्डी ने बताया कि जालसाजों ने पांच अप्रैल को उनसे संपर्क किया और दावा किया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के 40 युवाओं (पुरुष और महिला) को ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत’ योजना के तहत 10 लाख रुपये की सहायता मिलेगी, जिसमें 5 लाख रुपये का अनुदान भी शामिल है।
उन्हें कहा गया था कि हर आवेदन के लिए 2,500 रुपये का भुगतान किया जाए, जिसकी अंतिम तिथि पांच अप्रैल तय की गई थी।
रेड्डी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने सोचा कि हमारे युवाओं को इस योजना का लाभ मिलना चाहिए, इसलिए मैंने खुद ही पैसे देने का फ़ैसला किया, क्योंकि उस दिन आवेदन करने की अंतिम तिथि थी।’’
बीआरएस विधायक ने कहा, ‘‘मैंने अपनी पत्नी के फ़ोन से एक डिजिटल पेमेंट ऐप के ज़रिए 40 लोगों के लिए एक लाख रुपये हस्तांतरित कर दिए। बाद में मुझे एहसास हुआ कि धोखाधड़ी हुई है, जिसके बाद मैंने जुबली हिल्स थाने में शिकायत दर्ज कराई।’’
भाषा वैभव आशीष
आशीष