पीलीभीत (उप्र), नौ अप्रैल (भाषा) गेल (इंडिया) लिमिटेड के 27 वर्षीय एक इंजीनियर ने यहां एक होटल में कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली । पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बरेली निवासी दीपांशु के रूप में हुई है, जो उसके साथ लंबे समय से प्रेम संबंध में रह रही युवती की शादी कहीं और तय जाने से परेशान था ।
सुनगढ़ी पुलिस के अनुसार दीपांशु (27) बरेली के योशलपुर का रहने वाला था। अगस्त, 2025 को दीपांशु गेल इंडिया में इंजीनियर पद पर नियुक्त हुआ था। वह दिल्ली में तैनात था।
पुलिस का कहना है कि इंजीनियर और युवती (सरकारी अध्यापिका) के बीच पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध थे तथा छह महीने पहले युवती ने रिश्ता तोड़ लिया था, इसी बात से इंजीनियर परेशान रहने लगा था।
पुलिस के अनुसार इंजीनियर एक सप्ताह पूर्व घरवालों से नौकरी पर जाने की बात कहकर निकला था लेकिन वह पीलीभीत आकर एक होटल में रुक गया।
पुलिस के मुताबिक बुधवार रात उसने जहर खा लिया तथा तबीयत खराब होने पर एक दोस्त को फोन किया।
पुलिस का कहना है कि इंजीनियर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
सुनगढ़ी के थाना प्रभारी नरेश त्यागी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फोरेंसिक टीम ने होटल के कमरे से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
थाना प्रभारी का कहना है कि जांच से पता चला कि दीपांशु पांच साल से एक महिला के साथ रिश्ते में था, जो वर्तमान में पीलीभीत में एक सरकारी शिक्षक है।
उन्होंने कहा कि महिला ने कथित तौर पर छह महीने पहले रिश्ता खत्म कर दिया था।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा रमाकांत सागर ने पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है।
पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चल रही जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार