हैदराबाद, तीन जुलाई (भाषा) तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने शुक्रवार को कहा कि पूर्ववर्ती भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस)सरकार के दौरान 8.21 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज लिया गया था। उन्होंने इस गंभीर वित्तीय समस्या को कमतर दिखाने के लिए मौजूदा विपक्षी दल की आलोचना की।
उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बीआरएस राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चला रही है।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘आप (पूर्ववर्ती बीआरएस सरकार) ने अलग-अलग तरीकों से कर्ज लिए। इनमें एफआरबीएम(राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन) नियमों के तहत लिए गए ऋण, निगम के नाम पर लिए गए ऋण, कर्मचारियों के बकाया और डिस्कॉम (बिजली वितरण कंपनियों) के बकाया शामिल हैं। कुल मिलाकर, आपने 8,21,651 करोड़ रुपये का कर्ज और बकाया खड़ा किया। क्या यह सच नहीं है?’’
विक्रमार्का ने आरोप लगाया कि बीआरएस अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव (केसीआर के नाम से भी जाने जाते हैं)ने मुख्यमंत्री रहते हुए राज्य को ‘बर्बाद’ कर दिया था। उन्होंने केसीआर को चुनौती दी कि वह बताएं कि कर्ज का बोझ सच है या नहीं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव और पार्टी के विधायक टी हरीश राव रोजाना वही झूठ दोहरा रहे हैं, उन्हें इस बात का जवाब देना चाहिए कि राज्य सरकार को कर्ज चुकाने की जरूरत है या नहीं।
विक्रमार्का ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले 30 महीनों में बीआरएस सरकार के समय लिए गए ऋण की वजह से बैंकों को मूलधन और ब्याज समेत 2.08 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश