बिल्डर-बैंक कर्मी गठजोड़ : सीबीआई ने शुभकामना बिल्डटेक के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया

बिल्डर-बैंक कर्मी गठजोड़ : सीबीआई ने शुभकामना बिल्डटेक के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया

बिल्डर-बैंक कर्मी गठजोड़ : सीबीआई ने शुभकामना बिल्डटेक के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया
Modified Date: May 8, 2026 / 05:40 pm IST
Published Date: May 8, 2026 5:40 pm IST

नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बिल्डर-बैंक कर्मी गठजोड़ मामले में शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ एक आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर बिल्डर-बैंक कर्मी गठजोड़ मामले में सीबीआई की ओर से की जा रही जांच के तहत दायर यह छठा आरोपपत्र है।

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपपत्र में सीबीआई ने आरोप लगाया है कि आरोपी कंपनी और उसके निदेशकों ने भोले-भाले घर खरीदारों को झूठे आश्वासनों, गुमराह करने वाले बयानों और फर्जी वादों के जरिये अपने नोएडा प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए प्रेरित किया, जिससे उसने बेईमानी से वित्तीय लाभ हासिल किया और पीड़ितों को गलत तरीके से नुकसान पहुंचाया।

सीबीआई प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और उकसावे के अपराध से जुड़ी प्रासंगिक धाराओं के तहत सक्षम न्यायालय के समक्ष आरोपपत्र दाखिल कर दिया गया है।”

सीबीआई शीर्ष अदालत के निर्देश पर देशभर की विभिन्न बिल्डर कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ घर खरीदारों के धन की कथित धोखाधड़ी और हेराफेरी से संबंधित मामलों में दर्ज 50 प्राथमिकी की जांच कर रही है।

भाषा पारुल धीरज

धीरज


लेखक के बारे में