दिल्ली में इमारत झुकी, लोगों को सुरक्षित निकाला गया
दिल्ली में इमारत झुकी, लोगों को सुरक्षित निकाला गया
नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में सोमवार शाम चार मंजिला एक इमारत झुक गई, जिसके बाद बचाव अभियान चलाकर उसमें रह रहे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना इलाके की ‘अखाड़े वाली गली’ में हुई। उन्होंने बताया कि इमारत के आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और समीपवर्ती मकानों के निवासियों को इमारत से दूर रहने की सलाह दी गई है।
पुलिस के अनुसार, इमारत में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिनमें एक बुजुर्ग महिला भी शामिल हैं। उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बारिश के कारण दूसरी मंजिल की बालकनी के ऊपर बना छज्जा गिर गया, जिसके बाद लोगों ने देखा कि इमारत झुकने लगी है।
स्थानीय निवासी रवि ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘इमारत झुक रही है और पूरी इमारत तिरछी हो गई है।’
उन्होंने बताया कि इमारत की दूसरी मंजिल पर एक बुजुर्ग महिला और उनका बेटा रहते हैं।
रवि ने सोमवार देर शाम कहा, ‘महिला की रीढ़ की हड्डी में चोट है और वह अपने आप उठ नहीं सकती थीं। हमें यह भी पता नहीं था कि उनका बेटा घर के अंदर है या नहीं। हमने ऊपर जाकर देखने की कोशिश की, लेकिन कोई दिखाई नहीं दिया।’
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले भी इमारत की स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों से शिकायत की थी।
रवि ने कहा, ‘हमने पहले भी शिकायतें दी थीं। पुलिस भी आई थी, उसने वीडियो बनाए और तस्वीरें ली, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।’ उन्होंने बताया कि इमारत करीब 30-35 साल पुरानी है।
घटनास्थल से सामने आए दृश्यों में दिख रहा है कि इमारत के भूतल पर दुकानें हैं और ऊपर तीन आवासीय मंजिलें हैं
इमारत एक ओर झुकी हुई दिखाई दे रही है, जबकि पुलिसकर्मी लोगों को उससे दूर कर रहे हैं।
यह इमारत दो संकरी गलियों के चौराहे पर स्थित है, जिनके दोनों ओर एक-दूसरे से सटे हुए रिहायशी मकान बने हुए हैं।
भाषा नोमान रंजन मनीषा
मनीषा

Facebook


