बेंगलुरु में कैब का इंतजार कर रही महिला से यौन उत्पीड़न के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
बेंगलुरु में कैब का इंतजार कर रही महिला से यौन उत्पीड़न के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
बेंगलुरु, 28 जुलाई (भाषा) बेंगलुरु में सड़क पर कैब का इंतजार कर रही एक महिला से कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित महिला ने 27 जुलाई को ‘इंस्टाग्राम’ पर आपबीती साझा की। महिला ने आरोप लगाया कि स्कूटर सवार एक व्यक्ति उसके पास आकर अभद्र टिप्पणियां करने लगा और धन के बदले शारीरिक संबंध बनाने की बात कहने लगा।
पुलिस ने बताया कि महिला राममूर्ति नगर में कैब का इंतजार कर रही थी, तभी आरोपी ने उस पर अश्लील टिप्पणियां करना शुरू कर दिया। महिला ने निडर होकर उसका मुकाबला किया और अपने मोबाइल फोन से उसकी हरकतों को रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। जब महिला ने पुलिस को फोन करने की चेतावनी दी, तब आरोपी वहां से भाग निकला।
महिला ने बाद में आरोपी की पहचान में मदद के लिए उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया।
महिला ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘‘एक महिला होने के नाते मुझे यह अधिकार है कि मैं बिना किसी डर के अपनी कैब का इंतजार कर सकूं। मैं कोई निर्जीव वस्तु नहीं हूं कि कोई धन के बदले अशोभनीय प्रस्ताव न दे। उसकी बातें डराने वाली और अपमानजनक थीं, जिससे मुझे अपनी सुरक्षा की चिंता होने लगी।’’
शिकायतकर्ता ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के व्यवहार को सामान्य मानकर अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। उसने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया। इसके साथ ही उसने आम लोगों से भी इस तरह के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
वीडियो सोशल मीडिया पर प्रस्तारित होने और शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को ढूंढ़ निकाला।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।’’
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


