झारखंड में बस ने ट्रक को मारी टक्कर ; एक व्यक्ति की मौत, आठ अन्य घायल
झारखंड में बस ने ट्रक को मारी टक्कर ; एक व्यक्ति की मौत, आठ अन्य घायल
धनबाद (झारखंड), 14 मई (भाषा) झारखंड के धनबाद जिले में मंगलवार को एक बस ने ट्रक को टक्कर मार दी और इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना आज सुबह तोपचांची इलाके के जीटी रोड पर हुई। उन्होंने बताया कि बस ने ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी।
तोपचांची पुलिस थाना के प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना में बस चालक की मौत हो गई, जबकि घायल यात्रियों को नजदीक के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि बस बिहार के मुजफ्फरपुर से कोलकाता जा रही थी।
स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि सुबह पांच बजे एक महिला समेत आठ यात्रियों को अस्पताल लाया गया और इन सभी को मामूली चोटें आई हैं।
भाषा
प्रीति सुभाष
सुभाष

Facebook


