विक्रम-1 का प्रक्षेपण सुलभ अंतरिक्ष की दिशा में एक ठोस कदम है : अमित शाह

विक्रम-1 का प्रक्षेपण सुलभ अंतरिक्ष की दिशा में एक ठोस कदम है : अमित शाह

विक्रम-1 का प्रक्षेपण सुलभ अंतरिक्ष की दिशा में एक ठोस कदम है : अमित शाह
Modified Date: July 18, 2026 / 03:56 pm IST
Published Date: July 18, 2026 3:56 pm IST

नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को देश में निजी क्षेत्र द्वारा विकसित पहले कक्षीय रॉकेट ‘विक्रम-1’

के सफल प्रक्षेपण के लिए स्काईरूट को बधाई दी। उन्होंने इसे अंतरिक्ष को और अधिक सुलभ बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षा एक नए मुकाम पर पहुंच गई है। भारत के पहले निजी तौर पर विकसित कक्षीय रॉकेट, विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण पर स्काईरूट एरोस्पेस को हार्दिक बधाई।”

उन्होंने कहा, “अंतरिक्ष तक पहुंच आसान बनाने के (प्रधानमंत्री) मोदी के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम के तौर पर, यह नवोन्मेष भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र को और मजबूत करेगा और एक वैश्विक नेता के तौर पर इसके कद को बढ़ाएगा।”

वहीं, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि स्काईरूट एरोस्पेस के ‘विक्रम-1’ के सफल प्रक्षेपण से वैश्विक तौर पर अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में देश के प्रवेश की पुष्टि होती है।

प्रक्षेपण के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि अगर भारत ने निजी कंपनियों के लिए अंतरिक्ष सेक्टर के दरवाजे नहीं खोले होते, तो यह मुमकिन नहीं हो पाता।

सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शुक्रिया कि उन्होंने भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र को खोला और स्काईरूट जैसी निजी कंपनियों को श्रीहरिकोटा (जहां से प्रक्षेपण हुआ) के दायरे में आने की इजाजत दी।”

कक्षीय रॉकेट ‘विक्रम-1’ का प्रक्षेपण शनिवार दोपहर 12.05 बजे किया गया। इसने कई तकनीकी पेलोड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पोस्टकार्ड सहित विभिन्न पोस्टकार्ड को सफलतापूर्वक पृथ्वी की निचली कक्षा में पहुंचाया।

भाषा

प्रशांत पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में