नशे में धुत युवक को सड़क पर पेशाब करने से रोकने पर कारोबारी की ईंट से वार करके हत्या
नशे में धुत युवक को सड़क पर पेशाब करने से रोकने पर कारोबारी की ईंट से वार करके हत्या
कानपुर (उप्र), नौ सितंबर (भाषा) कानपुर के काकादेव इलाके में सड़क पर पेशाब करने का विरोध करने पर चार युवकों ने व्यवसायी की कथित तौर पर ईंट से वार करके हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को कहा कि सीसीटीवी फुटेज से घटनाओं का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना काकादेव में ओम क्रॉसिंग के पास शनिवार आधी रात के आसपास हुई। उन्होंने बताया कि नवीन नगर निवासी व्यवसायी अमित कुमार (47) अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे तभी सड़क किनारे शराब पी रहे चार युवकों में से एक कथित तौर पर सड़क पर पेशाब करने लगा, जिस पर कुमार ने आपत्ति जताई।
उन्होंने बताया कि इसके बाद बहस छिड़ गई और युवक ने कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया, तभी उसके तीन अन्य साथी भी आ गये और कुमार को घेर कर उनके सिर पर ईंट से कई बार वार किये, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
लाल ने कहा कि जब कुछ राहगीरों ने हस्तक्षेप का प्रयास किया तो हमलावरों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि कुमार को शुरू में पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया और बाद में अनुराग अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान सोमवार रात उनकी मौत हो गई।
पुलिस आयुक्त ने कहा, ”सीसीटीवी फुटेज से चौंकाने वाली घटनाओं का खुलासा हुआ है। हमने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार करने के प्रयास कर रहे हैं।”
लाल ने कहा कि हमलावरों में से दो की पहचान जितेंद्र श्रीवास्तव और कुशल श्रीवास्तव के रूप में की गई है जबकि सीसीटीवी फुटेज की मदद से अन्य दो की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र राम ने बताया कि कुमार के परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सं. सलीम अमित
अमित
अमित

Facebook


