गुरुग्राम (हरियाणा), 17 जुलाई (भाषा) गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक कार (कैब) की ई-रिक्शा से टक्कर हो गई, जिसके बाद ई-रिक्शा से बाहर निकली लोहे की रॉड कैब के सामने के शीशे को तोड़ते हुए चालक के सीने में जा घुसी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा अपराह्न करीब दो बजे हुआ। दुर्घटना में कैब में सवार एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। ई-रिक्शा चालक को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि ई-रिक्शा पर लोहे की लंबी रॉड लदी थीं, जिनमें से कई वाहन से बाहर निकली हुई थीं। इन रॉड के बाहर निकले होने की चेतावनी देने के लिए वाहन पर कोई संकेतक भी नहीं लगाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैब का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और लोहे की एक रॉड कार के सामने के शीशे को तोड़ते हुए चालक के सीने में जा घुसी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उसने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-37 थाना पुलिस और यातायात पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और चालक के शव को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित हो गया। बाद में, पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में ई-रिक्शा चालक ने बताया कि वह वाहन धीरे चला रहा था, तभी पीछे से आ रही कैब ने उसके वाहन को टक्कर मार दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि तेज रफ्तार और पीछे से हुई टक्कर दुर्घटना के प्रमुख कारण थे। घटना के सही क्रम का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।’’
उन्होंने बताया कि मृतक कैब चालक मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी था और उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
भाषा प्रचेता शफीक
शफीक